कारगिल विजय दिवस भव्य रूप से मनाएगा इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन, बैठक में बनी रणनीति

Nikk Pandit
0
"सैनिक अनुशासन और अपनी मर्यादा कभी नहीं भूलता" – कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा

बंटी शर्मा शिवपुरी। इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन (आईवीओ) शिवपुरी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शहीद तात्या टोपे ग्राउंड में जिला अध्यक्ष कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी कारगिल विजय दिवस (26 जुलाई) को भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा ने कहा कि एक सैनिक जीवनभर अनुशासन, कर्तव्य और मर्यादा का पालन करता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपनी परिस्थितियों को बदलने के लिए स्वयं आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा, "यह अपेक्षा करना बंद कर दो कि कोई आए और तुम्हारी दुनिया बदल जाए। जिस दुनिया को तुमने बनाया है, वह तुम्हारी सोच और विचारों का परिणाम है। उसे बदलने की शुरुआत स्वयं से करनी होगी।"

कारगिल युद्ध मर्यादा और साहस की मिसाल

कैप्टन शर्मा ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के साहस, अनुशासन और मर्यादा का अद्भुत उदाहरण है। भारतीय सैनिकों ने अपने देश की सीमाओं के भीतर रहते हुए दुश्मनों को परास्त कर विजय प्राप्त की थी। यही कारण है कि कारगिल विजय दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि शहीदों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।

कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपी गईं

बैठक में कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, शहर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राजावत, कोऑर्डिनेटर बृजेश कुमार राठौर, महासचिव प्रवीण गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष विशाल जोशी को कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व सौंपा गया।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों को किया जाएगा आमंत्रित
बैठक में निर्णय लिया गया कि कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम में इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जोगिंदर सिंह सेंगर तथा राष्ट्रीय महासचिव आसिन खान को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।

पूर्व सैनिकों से परिवार सहित शामिल होने की अपील
संगठन ने जिले के सभी पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि वे 26 जुलाई को अवकाश लेकर अपने परिवार के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहें, ताकि नई पीढ़ी को भी देशभक्ति, बलिदान और सैनिक जीवन के मूल्यों से परिचित कराया जा सके।

पुरानी सर्किल जेल को पर्यटन स्थल बनाने का सुझाव
बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता रूप किशोर वशिष्ठ ने शिवपुरी की ऐतिहासिक पुरानी सर्किल जेल को जेल पर्यटन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने इस पहल में इंडियन वेटरन्स ऑर्गेनाइजेशन से सहयोग मांगा तथा भविष्य के कार्यक्रम उसी परिसर में आयोजित करने का आग्रह किया।

ये रहे उपस्थित

बैठक में जिला अध्यक्ष कैप्टन चन्द्र प्रकाश शर्मा, यूथ अध्यक्ष तरुण शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, महासचिव प्रवीण गुप्ता, कोऑर्डिनेटर बृजेश कुमार राठौर, कोषाध्यक्ष विशाल जोशी, शहर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राजावत, एडवोकेट वरुण शर्मा, वेटरन शिव कुमार समाधिया, मोहन सिंह राजपूत, अमर सिंह रावत, कैप्टन चंद्र किशोर चतुर्वेदी, कैलाश सिंह जादौन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रूप किशोर वशिष्ठ सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन बृजेश कुमार राठौर ने किया, जबकि अंत में अशोक कुमार शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)