जमीन विवाद की शिकायत लेकर एसपी कार्यालय जा रहे थे, रिपोर्ट वापस लेने का बनाया दबाव
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सोमवार को उस समय और गंभीर हो गया, जब शिकायत दर्ज कराने जा रहे एक परिवार के साथ न्यायालय परिसर के बाहर कथित रूप से मारपीट कर दी गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि एफआईआर की कॉपी छीनकर फाड़ दी और मामला वापस लेने का दबाव भी बनाया।
खेत की फेंसिंग को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार ग्राम गुरुकदवाया निवासी रोशनी धाकड़ ने महिला थाना शिवपुरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जून को खेत की तार फेंसिंग को लेकर गांव के जगदीश जाटव, संजीव जाटव और अशोक जाटव से विवाद हो गया था।
रोशनी धाकड़ का आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज और मारपीट की गई। वहीं संजीव जाटव द्वारा कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप भी लगाया गया है, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उन्हें पहले पिछोर अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल शिवपुरी में भर्ती कराया गया था।
न्यायालय परिसर के बाहर हुआ विवाद
पीड़ित पक्ष के अनुसार, मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को अनिल धाकड़, रामभरत धाकड़, नीतेश धाकड़ और हरीचरण धाकड़ न्यायालय परिसर और एसपी कार्यालय पहुंचे थे। परिवार न्यायालय के बाहर आवेदन टाइप करा रहा था।
इसी दौरान कथित रूप से अशोक जाटव, संजीव जाटव, लखन जाटव सहित अन्य लोग वहां पहुंच गए और पहले से दर्ज शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे।
रिपोर्ट वापस न लेने पर मारपीट का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्होंने शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान एफआईआर की कॉपी भी छीनकर फाड़ दी गई और शिकायत वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार
मारपीट की घटना के बाद पीड़ित परिवार सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद न्यायालय परिसर के बाहर हुई इस मारपीट को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।