जनकल्याण शिविर में हितलाभ एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण, चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी विकासखंड स्तरीय जनकल्याण शिविर के द्वितीय दिवस मानस भवन, शिवपुरी में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पोषण आहार एवं पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

एसडीएम आनंद सिंह राजावत ने किया शिविर का निरीक्षण

शिवपुरी एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी आनंद सिंह राजावत ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
जनकल्याण शिविर के अंतर्गत बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने पृथ्वी संरक्षण, हरित पर्यावरण, जल बचाओ अभियान तथा योग के महत्व को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत कर जनजागरूकता का संदेश दिया।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

श्रेणी ए (5 से 7 वर्ष) – धनवी मित्तल (प्रथम)
श्रेणी बी (8 से 12 वर्ष) – आध्या तोमर (प्रथम)
श्रेणी सी (13 से 17 वर्ष) – सिद्धार्थ राजे (प्रथम)
विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शिवपुरी सुश्री सोनम जैन एवं जिला परियोजना समन्वयक राज्य शिक्षा केंद्र शिवपुरी श्री दफेदार सिंह सिकरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)