हिस्से की मांग पर भाइयों में खूनी विवाद, दो भाइयों ने तीसरे भाई को लाठी-चप्पलों से पीटा:पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर भड़का विवाद, घायल जिला अस्पताल में भर्ती

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले के रातोर गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दो भाइयों ने मिलकर अपने तीसरे भाई की लाठी और चप्पलों से बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पिता के निधन के बाद नहीं हुआ संपत्ति का बंटवारा
घायल अतर सिंह जाटव ने बताया कि उनके परिवार में कुल छह भाई हैं। पिता के निधन के बाद परिवार की पैतृक संपत्ति, जिसमें मकान और वाहन शामिल हैं, का अब तक बंटवारा नहीं हुआ है। अतर सिंह का आरोप है कि उनके भाई नेपाल जाटव ने पूरी संपत्ति पर कब्जा कर रखा है और अन्य भाइयों को उनका हिस्सा नहीं दिया जा रहा।

हिस्सा मांगा तो शुरू हो गई मारपीट

अतर सिंह के अनुसार शनिवार रात मजदूरी से घर लौटने के बाद उन्होंने अपने भाई नेपाल जाटव से संपत्ति के बंटवारे की बात की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नेपाल जाटव ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

कुछ ही देर में दूसरे भाई विनोद जाटव भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी अतर सिंह के साथ चप्पलों और लाठी से मारपीट की। अतर सिंह का कहना है कि दोनों भाइयों ने मिलकर उन पर हमला किया, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

बेहोशी की हालत में आंगन में पड़े मिले

घटना के बाद घायल अतर सिंह घर के आंगन में पड़े मिले। उनकी पत्नी अनिता जाटव ने बताया कि उनकी बेटी ने उन्हें फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी। जब वह घर पहुंचीं तो उनके पति बेहोशी की हालत में आंगन में पड़े थे।

परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)