बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के देहात थाना क्षेत्र स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब प्लांट परिसर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच हो सकती है। युवक का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला, उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था। शव करीब 10 से 15 दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके कारण उसकी पहचान करना फिलहाल चुनौती बना हुआ है।
सीवर पाइपलाइन से बहकर पहुंचा शव या रची गई कोई साजिश?
सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि शव संभवतः सीवर पाइपलाइन के जरिए बहकर प्लांट तक पहुंचा होगा। हालांकि इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर युवक कौन था? उसकी मौत कैसे हुई? और यदि शव बहकर आया है तो वह सीवर लाइन तक कैसे पहुंचा?
इन्हीं सवालों के बीच पुलिस हत्या की आशंका को भी गंभीरता से लेकर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से सीवर लाइन में तो नहीं फेंका गया था, जो बाद में बहते हुए ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंच गया।
आसपास के थानों को भेजे गए फोटो
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक की पहचान के लिए उसके फोटो आसपास के थानों और संबंधित इकाइयों को भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
यह मामला अब एक रहस्य बनता जा रहा है। क्या यह सामान्य दुर्घटना है या फिर किसी बड़ी वारदात का हिस्सा? युवक की पहचान कब होगी? और क्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस रहस्य से पर्दा उठा पाएगी? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच और पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।