ब्राह्मण समाज का संभाग स्तरीय परिचय सम्मेलन 6 सितंबर को शिवपुरी में, विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए सुनहरा अवसर

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और वैवाहिक परंपराओं को सशक्त बनाने की दिशा में ब्राह्मण समाज द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। आगामी 6 सितंबर 2026 को शिवपुरी के तुलसी आश्रम स्थित परशुराम सभागार में ब्राह्मण समाज का संभाग स्तरीय परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

इस सम्मेलन का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक सम्मानजनक और सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है, ताकि परिवारों के बीच परिचय बढ़े और योग्य रिश्तों का चयन सरल एवं पारदर्शी तरीके से हो सके।

इस आयोजन की तैयारियां अभी से प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में तुलसी आश्रम, बड़े हनुमान मंदिर स्थित जिला कार्यालय में ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति में आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से एस. एन. उपाध्याय को सम्मेलन का मुख्य संयोजक तथा महावीर मुदगल को संयोजक नियुक्त किया गया। साथ ही कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों के साथ कार्यकारिणी समिति का भी गठन किया गया।

आयोजन समिति के संस्थापक डॉ. जयवीर भारद्वाज एवं संरक्षक प्रकाश नारायण शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि परिचय सम्मेलन केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस की जा रही है। सम्मेलन के दौरान विवाह योग्य युवक-युवतियों के विस्तृत परिचय सहित विवाह योग्य विवरणों की स्मारिका का भी विमोचन किया जाएगा, जिससे उपस्थित परिवारों को उपयुक्त जीवनसाथी चयन में सुविधा मिलेगी।

समिति ने जानकारी दी कि विवाह योग्य युवक-युवतियों का निःशुल्क पंजीयन लगातार जारी है। समाज के सभी परिवारों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने पुत्र-पुत्रियों का पंजीयन कराकर इस सामाजिक अभियान को सफल बनाएं। पंजीयन के लिए निर्धारित प्रपत्र समाज के विभिन्न केंद्रों से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।

इनमें महावीर मुदगल (माधव विहार कॉलोनी), श्रीनिवास उपाध्याय (एकता हाई स्कूल, बाबू क्वार्टर रोड), हरगोविंद शर्मा (नरेंद्र नगर), कैलाश नारायण भार्गव (सिटी सेंटर), वरिष्ठ समाजसेवी राकेश विरथरे (टीवी टावर रोड), राम प्रकाश शर्मा (कमलागंज) तथा कुंज बिहारी पाराशर (प्रियदर्शनी कॉलोनी) प्रमुख रूप से शामिल हैं।

बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन संभाग स्तर पर एक प्रेरणादायी और सफल आयोजन साबित होगा। आयोजन समिति के सदस्यों ने समाज के प्रत्येक परिवार तक इस कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की सफलता के लिए गठित समिति में पंडित ओम प्रकाश समाधिया, कैलाश नारायण मुद्गल, एन.पी. अवस्थी, नलिन अवस्थी, डॉ. सी.पी. उपाध्याय, सुरेश पाराशर, पवन अवस्थी, राजकुमार सरैया, देवेंद्र मड़वास सहित अनेक समाजसेवी सक्रिय रूप से जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। सभी ने संयुक्त रूप से समाज के लोगों से आग्रह किया है कि वे इस सम्मेलन को सामाजिक एकता और पारिवारिक संस्कृति के महोत्सव के रूप में देखें तथा अधिक से अधिक संख्या में विवाह योग्य युवक-युवतियों का पंजीयन कराकर आयोजन को सफल बनाएं।

ब्राह्मण समाज का यह संभाग स्तरीय परिचय सम्मेलन न केवल वैवाहिक संबंधों के लिए एक उपयोगी मंच सिद्ध होगा, बल्कि समाज में आपसी संवाद, विश्वास और पारिवारिक संस्कारों को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। शिवपुरी में आयोजित होने जा रहा यह आयोजन निश्चित रूप से समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल के रूप में याद किया जाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)