बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी मगरौनी, थाना नरवर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामील एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा श्री प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विनय यादव के नेतृत्व में बुधवार को विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने आपराधिक प्रकरण क्रमांक 159/18, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में पिछले कई वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी गब्बर सिंह गुर्जर पुत्र राधाकृष्ण गुर्जर (40 वर्ष), निवासी पुरानी मगरौनी, थाना नरवर को उसके निवास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था और उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी था। मुखबिर सूचना एवं पुलिस की सतर्क निगरानी के बाद आरोपी को पुरानी मगरौनी से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे माननीय न्यायालय करैरा में पेश किया गया।
शिवपुरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा, अवैध हथियारों के कारोबार तथा फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून से बचने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनय यादव, चौकी प्रभारी मगरौनी उप निरीक्षक अभिमन्यु राजावत, सहायक उप निरीक्षक दिनेश यादव, आरक्षक सचिन यादव, बीरेन्द्र सिंह एवं रविन्द्र भास्कर की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।