बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के गुगवारा गांव में जमीन के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद अब हिंसक झड़प में बदल गया है। मारपीट में घायल पीड़ित परिवार गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचा और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिवार का कहना है कि हमले में शामिल मुख्य आरोपियों के नाम जानबूझकर एफआईआर में शामिल नहीं किए गए, जिससे उन्हें न्याय मिलने में बाधा उत्पन्न हो रही है। मामले को लेकर पीड़ितों ने निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गुगवारा निवासी अजीत धाकड़ ने बताया कि उनके घर के पीछे स्थित जमीन पर प्लॉटिंग करने वाले कुछ लोगों के साथ रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस विवाद का मामला दीवानी न्यायालय में भी विचाराधीन है। बावजूद इसके, आरोप है कि 14 जुलाई को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, 14 जुलाई को चार मुख्य आरोपी कई अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। उनके हाथों में लाठियां, लोहे की रॉड और फरसे जैसे हथियार थे। आरोप है कि आरोपियों ने बिना किसी उकसावे के परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया और महिलाओं सहित सभी के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के दौरान घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
हमले में अजीत धाकड़, कोमल धाकड़, वीरेंद्र धाकड़, जयपाल धाकड़, जितेंद्र धाकड़, मानो, मनीषा, रचना, आरती और सालोनी घायल हुए। अजीत धाकड़ के हाथ में फ्रैक्चर होने के साथ सिर में गंभीर चोट आई। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को सभी आरोपियों के नाम बताए थे, लेकिन एफआईआर में केवल कुछ लोगों के नाम दर्ज किए गए। परिवार का कहना है कि चार मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी शिकायत को लेकर वे एसपी कार्यालय पहुंचे और सभी आरोपियों के नाम जोड़ने के साथ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की।
परिवार ने एक और गंभीर आरोप लगाया कि गुरुवार सुबह जब वे शिकायत लेकर एसपी कार्यालय जा रहे थे, उसी दौरान एक आरोपी अपने मकान की छत पर खड़ा होकर बंदूक लहराने लगा और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने इस घटना को लेकर आरोपी का शस्त्र लाइसेंस तत्काल निरस्त करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।
एसपी कार्यालय में शिकायत देने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, इस घटना ने गांव में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
इधर, कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी ने बताया कि अजीत धाकड़ की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी शिकायत पर अजीत धाकड़ पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, घटना का वीडियो एफआईआर दर्ज होने के बाद सामने आया है। विवेचना के दौरान वीडियो में जो भी लोग मारपीट करते दिखाई देंगे, उनकी पहचान कर उनके नाम भी प्रकरण में शामिल किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गुगवारा गांव की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक ओर पीड़ित परिवार निष्पक्ष कार्रवाई और सुरक्षा की मांग कर रहा है, वहीं पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।