![]() |
| नदी, नाले और झरना उफान पर |
शिवपुरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई रपटों के ऊपर से पानी बह रहा है, जबकि कोलारस और पोहरी तहसील के बीच स्थित पवा झरना भी इस सीजन में पहली बार पूरे वेग के साथ बह निकला। करीब 100 फीट की ऊंचाई से गिरते पानी का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर कुछ लोग तेज बहाव वाली रपटों को पार कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
बारिश के बाद जिले के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण रास्तों पर बनी रपटें पानी में डूब गई हैं। कई जगह पानी का बहाव इतना तेज है कि पैदल निकलना भी मुश्किल है। इसके बावजूद लोग जरूरी काम के लिए या जल्द रास्ता पार करने के चक्कर में पानी के बीच से निकल रहे हैं। दोपहिया वाहनों को लेकर रपट पार करने के दौरान बहाव का संतुलन बिगड़ने पर हादसे की आशंका बनी रहती है।
सैलानियों के लिए आकर्षण बना पवा झरना
कोलारस-पोहरी तहसील की सीमा के बीच स्थित पवा झरना बारिश के बाद अपने पूरे स्वरूप में दिखाई देने लगा है। सामान्य दिनों में यहां पानी का बहाव कम रहता है, लेकिन बारिश के बाद आसपास के पहाड़ी क्षेत्र से पानी आने के कारण झरने का वेग बढ़ गया है। करीब 100 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी दूर से ही नजर आ रहा है।
झरने के बहने की जानकारी आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचने लगे हैं। लोग झरने के आसपास खड़े होकर वीडियो और फोटो बना रहे हैं। हालांकि तेज बहाव के दौरान झरने और नदी किनारे जाना जोखिम भरा हो सकता है। पानी का स्तर अचानक बढ़ने की स्थिति में वहां मौजूद लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।
नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत
बारिश के दौरान नदी-नालों में बढ़ते पानी के बीच लापरवाही का एक मामला मंगलवार को तेंदुआ थाना क्षेत्र में सामने आया। यहां ससुराल आए 22 वर्षीय छोटू जाटव निवासी सहसराम, जिला श्योपुर की नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई।
बताया गया कि छोटू अपने साले और साडू के साथ बाइक से लौट रहा था। रास्ते में केनवाया गांव के पास तीनों नदी में नहाने के लिए रुक गए। नहाते समय छोटू गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद उसकी तलाश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा
जिले में लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचें और ऐसे रास्तों को पार करने का प्रयास न करें, जहां पानी तेज बहाव के साथ बह रहा हो।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी रास्ते पर पानी भरा है तो उसे पार करने के बजाय वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें। नदी, नाले, रपट और झरनों के आसपास भी विशेष सावधानी बरतें। प्रशासन की अपील है कि सिर्फ झरने या तेज बहाव का नजारा देखने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।

