2100 रुपए का पेट्रोल भरवाया, QR कोड का स्क्रीनशॉट लिया और कार भगाकर ले गए

Shivpuri First
0
ठगी कर भागे कार सवार

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-46 स्थित श्री बच्चन धन पत्ते वाले पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए कार सवार युवक फरार हो गए। कार में करीब 2100 रुपए का पेट्रोल डलवाया गया था। भुगतान के नाम पर युवक ने पंप का क्यूआर कोड लिया और अपने परिचित से राशि ट्रांसफर करवाने की बात कही। इसी बीच पेट्रोल भरने के बाद कार सवार वहां से निकल गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पंप प्रबंधन ने कोलारस थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6 बजे गुना की तरफ से एक कार शिवपुरी की ओर जा रही थी। कार में सवार लोग एनएच-46 स्थित श्री बच्चन धन पत्ते वाले पेट्रोल पंप पर रुके। कार रुकने के बाद एक युवक नीचे उतरा और उसने पेट्रोल पंप के सेल्समैन नरेंद्र दांगी से कार में 2100 रुपए का पेट्रोल डालने के लिए कहा। युवक ने भुगतान करने के लिए पंप का क्यूआर कोड मांगा। उसने क्यूआर कोड का स्क्रीनशॉट अपने मोबाइल में लिया और सेल्समैन से कहा कि वह इसे अपने परिचित को भेज रहा है, जो ऑनलाइन भुगतान कर देगा। युवक की बात पर भरोसा करते हुए सेल्समैन ने कार में पेट्रोल डालना शुरू कर दिया। पेट्रोल भरते समय कार के पास खड़ा रहा युवक सेल्समैन के मुताबिक पेट्रोल डालने के दौरान युवक लगातार कार के आसपास ही खड़ा रहा। पेट्रोल भर जाने के बाद युवक मोबाइल फोन कान पर लगाकर कार में जाकर बैठ गया। इसी दौरान ड्राइवर ने कार स्टार्ट कर दी और बिना भुगतान किए कार को शिवपुरी की तरफ भगा दिया। अचानक कार को निकलता देख सेल्समैन ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार युवक रुके नहीं। कुछ ही सेकंड में कार तेज रफ्तार से वहां से निकल गई। इसके बाद पंप कर्मचारियों ने घटना की जानकारी प्रबंधन को दी और सीसीटीवी फुटेज देखे गए। आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं, पुलिस ने शुरू की तलाश सीसीटीवी फुटेज में कार के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं दिखाई दे रही है। इससे पंप प्रबंधन को आशंका है कि कार सवार युवक पहले से योजना बनाकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। हालांकि आरोपियों की मंशा और उनकी पहचान की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पंप प्रबंधन ने घटना की लिखित शिकायत कोलारस थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज की जानकारी भी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर कार की पहचान करने और उसे तलाशने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार किस दिशा में गई और रास्ते में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों से वाहन के बारे में कोई जानकारी मिल सकती है या नहीं। पेट्रोल पंप पर हुई इस घटना के बाद कर्मचारियों ने बिना तत्काल भुगतान के पेट्रोल-डीजल देने को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार सवार लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)