कोतवाली पुलिस का अवैध कारोबार पर शिकंजा;जहरीली शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार:पशु तस्करी के मामले में 2 फरार आरोपी जेल,सट्टा खिलाते 2 पकड़े

Nikk Pandit
0


खबर:शिवपुरी जिले में अवैध शराब, पशु परिवहन और सट्टे के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने एक साथ तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने हाथ भट्टी की जहरीली शराब बेचने की फिराक में खड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 4 लीटर शराब जब्त की। वहीं पशुओं और अवैध शराब के परिवहन से जुड़े पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर सट्टा खिलाते दो आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से सट्टा पर्चियां और कुल 4,430 रुपए बरामद किए गए।

दर्रोनी तिराहे पर जहरीली शराब के साथ आरोपी दबोचा

कोतवाली पुलिस को 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि दर्रोनी तिराहे के पास एक व्यक्ति अवैध शराब बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति हाथ में सफेद प्लास्टिक की कट्टी लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सतीश परिहार पुत्र गुलाब सिंह परिहार, उम्र 35 वर्ष, निवासी लालमाटी आजाद नगर कॉलोनी, शिवपुरी बताया। उसके कब्जे में रखी कट्टी की जांच करने पर करीब 4 लीटर हाथ भट्टी की बनी जहरीली शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब को अवैध रूप से बेचने की नीयत से लेकर खड़ा था।

पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 642/26, धारा 49क, 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।

पशुओं और अवैध शराब परिवहन मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 192/26 में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों अफसर खान उर्फ वंशी और जहीर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। यह मामला अवैध शराब और पशुओं के परिवहन से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार 18 मार्च 2026 को कठमई तिराहे पर एक पिकअप वाहन क्रमांक MP 07-AG-9065 को रोककर जांच की गई थी। वाहन में 11 भैंसे और 5 पड़िया ठूंस-ठूंसकर भरी मिली थीं। वाहन में रखी चार प्लास्टिक की कट्टियों की जांच करने पर करीब 67 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भी बरामद हुई थी। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपए कीमत की पिकअप और शराब जब्त कर कार्रवाई की थी।

इस मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि अफसर खान उर्फ वंशी, उम्र 46 वर्ष, निवासी तलैया मोहल्ला पुरानी शिवपुरी और जहीर खान, उम्र 46 वर्ष, निवासी मोहम्मदपुर थाना रन्नौद घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों की तलाश तेज करते हुए 18 अगस्त को उन्हें शिवपुरी से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

सट्टे पर भी पुलिस की दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार

अवैध सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा।

पहली कार्रवाई काली माता मंदिर के पास मनियर रोड पर की गई, जहां पुलिस ने करन पुत्र मोहन, उम्र 31 वर्ष, निवासी टोंगरा रोड फतेहपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से दो सट्टा अंक पर्चियां, एक डॉट और 950 रुपए बरामद किए गए।

दूसरी कार्रवाई रेन बसेरा के पास बस स्टैंड शिवपुरी में की गई। यहां पुलिस ने हर्ष पुत्र कैलाश, उम्र 21 वर्ष, निवासी फतेहपुर को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से दो सट्टा अंक पर्चियां, एक डॉट और 3,480 रुपए बरामद हुए। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 4,430 रुपए जब्त किए गए।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 639/26 और 640/26, धारा 4क सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

एसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार, अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे द्वारा टीमों को सक्रिय किया गया है।

इन तीनों कार्रवाइयों से पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अवैध शराब की बिक्री, पशु परिवहन और सट्टे जैसे अवैध कारोबार पर कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह लगातार कार्रवाई की जाएगी।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

अवैध शराब के मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, प्रधान आरक्षक महाराज सिंह, आरक्षक कुलदीप सरदार और आरक्षक करन सिंह की विशेष भूमिका रही।

 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक मुरारी यादव, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक अवतार सिंह, प्रधान आरक्षक मोहन चौहान, आरक्षक रिंकेश धाकड़ और आरक्षक दीपक राठौर की भूमिका रही।

वहीं सट्टे के खिलाफ कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, प्रधान आरक्षक बाबूलाल नागर और प्रधान आरक्षक रविकुमार की विशेष भूमिका रही।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)