खबर:शिवपुरी करैरा थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने बालिका के कथनों के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी 20 वर्षीय विवेक लोधी को शिवपुरी से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया।
3 अगस्त को घर से लापता हुई थी बालिका
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को एक फरियादी ने करैरा थाने पहुंचकर अपनी नाबालिग बेटी के 3 अगस्त को घर से बिना बताए कहीं चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 518/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की।
तलाश के बाद पुलिस ने बालिका को किया दस्तयाब
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस ने 18 अगस्त को नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
बालिका के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 64(2)(एम) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(एल)/6 का इजाफा किया।
मुखबिर की सूचना पर शिवपुरी से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी विवेक लोधी पुत्र मायाराम लोधी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम मामोनी, थाना अमोला, जिला शिवपुरी को शिवपुरी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया है।
महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। करैरा पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, सहायक उपनिरीक्षक चरण सिंह, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक सुरेन्द्र रावत एवं महिला आरक्षक कीर्ति मौर्य की सराहनीय भूमिका रही।