खबर शिवपुरी संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शिवपुरी जिले में ‘समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की विभागीय जिम्मेदारियों को समय-सीमा में पूरा करने तथा आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
18 अगस्त को भोपाल से प्राप्त होगा पावन कलश
अभियान की शुरुआत 18 अगस्त से होगी। भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले के लिए पावन कलश प्राप्त किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कलश को पूर्ण सम्मान और सुरक्षा के साथ जिला मुख्यालय तक लाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद 20 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला मुख्यालय में भव्य कलश वंदन एवं सम्मान समारोह होगा। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगरीय विकास एवं आवास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को सौंपी गई है।
18 से 31 अगस्त तक चलेगा संत संपर्क अभियान
अभियान के अंतर्गत 18 अगस्त से 31 अगस्त तक ‘संत संपर्क कार्यक्रम’ संचालित किया जाएगा। इसके लिए अनुसूचित जाति कल्याण विभाग एवं स्थानीय निकायों को जिले के प्रमुख संतों, गुरुओं और सामाजिक प्रतिनिधियों से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों द्वारा संतों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी जाएगी तथा समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी सद्भाव, समानता और भाईचारे का संदेश पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
20 अगस्त से निकलेगी कलश रथ यात्रा
जिले में 20 अगस्त से 10 सितंबर तक ‘कलश रथ यात्रा’ निर्धारित मार्गों से निकाली जाएगी। यात्रा के सफल संचालन को लेकर पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकायों को संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, यात्रा मार्ग, समय-सारणी, पेयजल, साफ-सफाई तथा आवश्यक चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और आमजन की सहभागिता के साथ कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए।
अक्टूबर-नवंबर में होगा समरसता यात्रा का मुख्य चरण
अभियान के मुख्य चरण में 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ का आयोजन होगा। यह यात्रा डेरा सचखण्ड, बल्लन (जालंधर) से प्रारंभ होकर मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी और जिले में भी इसका आगमन होगा।
यात्रा के जिले में आगमन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जाएंगी। अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है। विभाग को अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर यात्रा के स्वागत, कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
बैठक में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, मानवता, सेवा और सामाजिक सद्भाव का महत्वपूर्ण संदेश दिया है। समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य इन्हीं मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, संतों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
इस अभियान के माध्यम से जिले में सामाजिक समरसता, समानता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने के साथ संत रविदास जी के विचारों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।