खुशबू शर्मा खबर शिवपुरी:शिवपुरी जिले के दिनारा में जिस घर में शनिवार दोपहर बेटे के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम पसर गया। दिनारा थाना क्षेत्र के जरगबा अब्बल गांव की 35 वर्षीय ज्योति वंशकार की डिलीवरी के कुछ घंटे बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें दतिया रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। शनिवार रात करीब 10:30 बजे परिजन महिला का शव लेकर दिनारा थाने के बाहर पहुंच गए और हंगामा करते हुए स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
बेटे के जन्म से घर में थी खुशी, कुछ घंटे बाद छाया मातम
जानकारी के मुताबिक ज्योति वंशकार, पत्नी हरिमोहन वंशकार, को 19 सितंबर की दोपहर 1:38 बजे दिनारा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। करीब 1:50 बजे उनकी डिलीवरी हुई और उन्होंने 2480 ग्राम वजन के बेटे को जन्म दिया।
ज्योति की पहले से तीन बेटियां हैं। चौथी डिलीवरी में बेटे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल था। परिजनों को उम्मीद थी कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ घर लौटेंगे, लेकिन कुछ ही घंटे बाद परिस्थितियां पूरी तरह बदल गईं।
शाम को अचानक घबराहट और बेचैनी हुई
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डिलीवरी के बाद महिला को करीब दो घंटे निगरानी में रखा गया। उस दौरान किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आई। लेकिन शाम करीब 4:30 बजे ज्योति को अचानक घबराहट और बेचैनी होने लगी।
ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने उनका बीपी चेक किया और ब्लीडिंग की जांच की। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उस समय ब्लीडिंग नहीं हो रही थी। इसके बाद स्टाफ नर्स ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
करीब 5 बजे एंबुलेंस स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और महिला को उपचार के लिए दतिया रेफर किया गया।
रास्ते में एंबुलेंस से उतारकर निजी वाहन से ले गए
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सिकंदरा बैरियर के पास परिजनों ने महिला को 108 एंबुलेंस से उतार लिया। इसके बाद परिजन उसे निजी वाहन से झांसी लेकर जाने लगे। इसी दौरान महिला की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शव थाने के बाहर रख दिया।
आधी रात तक चला हंगामा, पुलिस की समझाइश के बाद माने परिजन
थाने के बाहर हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। करीब रात 12 बजे पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।
रविवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा मौत का कारण
फिलहाल महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने जहां स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर बताया है कि डिलीवरी के बाद महिला की निगरानी की गई थी और बाद में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे रेफर किया गया।
अब पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम होगी। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
एक तरफ नवजात बेटे की किलकारी और दूसरी तरफ मां की मौत ने परिवार को झकझोर दिया है। जिस घर में कुछ घंटे पहले चौथी संतान के रूप में बेटे के जन्म की खुशी थी, वहां अब मां की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है।