![]() |
| मृतक पुरुषोत्तम आदिवासी |
शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के बिजरौनी गांव में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात दर्दनाक हादसा हो गया। तखत पर सो रहे 8 वर्षीय मासूम को जहरीले सांप ने दो बार डस लिया। पहली बार डसने के बाद सांप बिस्तर में ही छिपा रहा और कुछ देर बाद बच्चे को दोबारा डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बदरवास अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया। गुना में इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के धपोरा गांव निवासी अशोक आदिवासी पिछले करीब तीन साल से परिवार के साथ बिजरौनी गांव में रहकर हलवाई का काम करते हैं। बुधवार रात उनका 8 वर्षीय बेटा पुरुषोत्तम आदिवासी तखत पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीला कोबरा सांप उसके बिस्तर में पहुंच गया और बच्चे को डस लिया।
![]() |
| इसी जहरीले सांप ने काट लिया था |
परिजनों के मुताबिक, पहली बार डसने के बाद सांप कंबल में ही छिपा रहा। कुछ देर बाद उसने मासूम को दूसरी बार डस लिया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल बदरवास अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे गुना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन बच्चे को लेकर गुना जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान करीब रात 2 बजे पुरुषोत्तम ने दम तोड़ दिया। गुरुवार सुबह गुना जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


