दस्तावेजों में महिला को मृत बताया, पति जिंदा साबित करने दफ्तरों के चक्कर काट रहा

Shivpuri First
0

 

दफ्तरों के चक्कर काटता दंपति

शिवपुरी। बैराड़ तहसील के जरियाकला गांव निवासी भारत जाटव अपनी पत्नी शुक्रवती जाटव को सरकारी दस्तावेजों में जिंदा दर्ज करवाने के लिए करीब एक महीने से दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। भारत का दावा है कि उसकी पत्नी जीवित है, लेकिन समग्र आईडी और राशन से जुड़े रिकॉर्ड में उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके चलते पत्नी का नाम अपने परिवार के राशन कार्ड में जुड़वाने में परेशानी आ रही है। मामले को लेकर वह बैराड़ तहसील, जनपद, थाना और पुलिस के अन्य अधिकारियों के पास भी जा चुका है।


भारत जाटव ने बताया कि उसकी शादी दुल्हारा गांव निवासी शुक्रवती से हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक शुक्रवती का नाम मायके के राशन कार्ड में ही दर्ज रहा और इसी आधार पर उसे खाद्यान्न भी मिलता रहा। बाद में राशन कार्ड और समग्र रिकॉर्ड से नाम हटाने के दौरान उसे कथित तौर पर मृत घोषित कर दिया गया।


पत्नी का नाम राशन कार्ड में जुड़वाने पहुंचा तो पता चला


भारत के अनुसार, जब उसने अपनी पंचायत जरियाकला के परिवार के राशन कार्ड में पत्नी शुक्रवती का नाम जुड़वाने की प्रक्रिया शुरू की, तब पंचायत के रिकॉर्ड में पता चला कि शुक्रवती को मृत दर्ज किया गया है। इसके कारण उसका नाम नए राशन कार्ड में नहीं जोड़ा जा सका।


भारत का कहना है कि रिकॉर्ड में मृत दर्ज होने के बाद पत्नी की समग्र आईडी भी प्रभावित हुई और आधार से जुड़ी सेवाओं में भी परेशानी आने लगी। इसके बाद से वह पत्नी को साथ लेकर सरकारी रिकॉर्ड में सुधार कराने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है।


पंचायत सचिव ने बताई रिकॉर्ड में गलती


दुल्हारा पंचायत के सचिव मलखान सिंह बघेल ने बताया कि शुक्रवती की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उस दौरान समग्र आईडी और खाद्यान्न पर्ची को जोड़ने का अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान गांव में नहीं रहने वाले लोगों, मृत व्यक्तियों और शादी के बाद दूसरी जगह चली गई महिलाओं के नाम रिकॉर्ड से हटाए जा रहे थे।


सचिव के अनुसार, इसी प्रक्रिया के दौरान शुक्रवती का नाम हटाते समय त्रुटिवश उसे मृत दर्ज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें इस गलती की जानकारी करीब एक महीने पहले मिली थी और इसके बाद सुधार की प्रक्रिया शुरू की गई।


सचिव ने कहा कि शुक्रवती की आईडी अब रिकवर हो गई है। फिलहाल जरियाकला पंचायत के राशन कार्ड में उसका नाम जोड़ना बाकी है। उनका कहना है कि इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।


भारत जाटव का कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड में हुई इस गलती के कारण उसे अपनी जीवित पत्नी को दस्तावेजों में जिंदा साबित करने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वहीं पंचायत सचिव के अनुसार, रिकॉर्ड में हुई त्रुटि को सुधारने की प्रक्रिया जारी है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)