शराब के नशे में थे पुलिसकर्मी? माता के पांडाल में मारपीट के आरोप, आधी रात थाने का घेराव

Shivpuri First
0

 

थाने का घेराव करते लोग

शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना इलाके में रविवार की आधी रात माता के पांडाल में ऐसा विवाद हुआ कि बात सीधे थाने तक पहुंच गई। मूर्ति स्थापना की तैयारी चल रही थी, डीजे बज रहा था और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा थी। इसी बीच डीजे बंद कराने और रास्ता खाली कराने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों को लेकर विवाद हो गया। लोगों ने आरोप लगाया कि दोनों पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और उन्होंने लाठियां चलाने के साथ मारपीट की। इसके बाद नाराज लोग फिजिकल थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। लोगों की मांग थी कि दोनों पुलिसकर्मियों को थाने से हटाया जाए। रात करीब डेढ़ बजे दूसरे थानों से पुलिस बल पहुंचने और समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।


डीजे बंद कराने की बात पर बिगड़ा मामला -


जानकारी के मुताबिक, फिजिकल थाने से कुछ ही दूरी पर माता की मूर्ति स्थापित की जानी थी। इसके लिए रात करीब 11 बजे से सड़क पर डीजे लगाया गया था। पांडाल में काफी लोग मौजूद थे और सड़क पर भी भीड़ जमा होने से रास्ता जाम हो रहा था।


इसी दौरान रात करीब 12 बजे गश्त पर निकले दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। उन्होंने रात ज्यादा होने और सड़क पर जाम लगने की बात कहते हुए डीजे बंद करने को कहा। इसी बात पर वहां मौजूद लोगों से कहासुनी हो गई। लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने लाठियां चलाईं और मारपीट की। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी अपना वाहन लेकर वहां से चले गए।


थाने पहुंचे लोग, पुलिसकर्मियों को हटाने की मांग -


मौके पर हुआ विवाद यहीं नहीं थमा। कुछ देर बाद लोग फिजिकल थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में माता के पांडाल में पहुंचे थे और उनके साथ मारपीट की गई। नाराज लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को फिजिकल थाने से हटाने की मांग की।


थाने पर हंगामे की खबर मिलते ही दूसरे थानों से भी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक चले घटनाक्रम के बाद करीब डेढ़ बजे स्थिति शांत हुई।


### थाना प्रभारी बोले- आरोप गलत हैं


फिजिकल थाना प्रभारी अवनीश सिंह राठौड़ का कहना है कि पुलिस रात 12 बजे गश्त पर निकली थी। रास्ते में बीच सड़क पर डीजे बजाया जा रहा था और जाम की स्थिति थी। पुलिस ने रात अधिक होने का हवाला देते हुए डीजे बंद करने के लिए कहा था, जिसका लोगों ने विरोध किया।


थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि माता का पांडाल अलग जगह था और डीजे दूसरी जगह लगाया गया था। पुलिसकर्मियों के शराब पीने और मारपीट करने के आरोप निराधार हैं। उनके मुताबिक, रात में ही लोगों को समझाइश देकर मामला शांत करा दिया गया था।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)