जमीन और मक्के की फसल के बंटवारे पर खूनी अंजाम, बड़े भाई ने छोटे भाई को कुल्हाड़ी से मार डाला

Shivpuri First
0


शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र के रिजौदा गांव में शुक्रवार को दो भाइयों के बीच चल रहा जमीन का विवाद जानलेवा साबित हुआ। खेत पर फसल के बंटवारे के लिए पहुंचे 26 वर्षीय घनश्याम रघुवंशी की उसके बड़े भाई चंद्रभान रघुवंशी ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, चंद्रभान रघुवंशी की उम्र करीब 34 साल थी, जबकि उसका छोटा भाई घनश्याम 26 वर्ष का था। दोनों के बीच जमीन को लेकर पहले से अनबन चल रही थी। करीब छह महीने पहले जमीन का बंटवारा हो गया था, लेकिन खेत में बोई गई मक्के की फसल का हिसाब होना बाकी था। इसी सिलसिले में घनश्याम गुरुवार को अपने गांव लौटा था।


एक रात पहले भाई के घर ठहरा था घनश्याम -


बताया जा रहा है कि घनश्याम अपनी मां के साथ गुना में रह रहा था। परिवार में पहले भी विवाद होते रहे थे। गांव पहुंचने के बाद वह अपने बड़े भाई चंद्रभान उर्फ चंदा रघुवंशी के घर गया। वहां उसने खाना खाया और रात भी वहीं बिताई। अगले दिन शुक्रवार को दोनों भाई फसल के बंटवारे के लिए खेत पर पहुंचे।


खेत में घनश्याम ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान चंद्रभान ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और आरोपी वहां से फरार हो गया।


पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी -


घटना की सूचना मिलने के बाद कोलारस थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में जमीन का विवाद हत्या की वजह सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।


शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)