कहा- राम की आत्मा भारत है, भारत की आत्मा राम; राष्ट्र प्रेम सीखना है तो रामचरित मानस सुनो, स्कूलों में इसे पढ़ाने का सरकार से किया अनुरोध
शिवपुरी जिले के करैरा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शनिवार को श्रीराम कथा के पहले दिन राम और राष्ट्र के संबंध को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि राम में राष्ट्र व्याप्त है और राष्ट्र में राम व्याप्त हैं। राम की आत्मा भारत है तो भारत की आत्मा राम है। भारत शरीर है तो राम उसकी आत्मा हैं। उन्होंने रामचरित मानस को राष्ट्र प्रेम और मनुष्यता का संदेश देने वाला ग्रंथ बताते हुए सरकार से इसे स्कूलों में पढ़ाने का अनुरोध किया। इससे पहले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हेलीकॉप्टर से करैरा पहुंचे, जहां आतिशबाजी और पुष्पमालाओं से उनका स्वागत किया गया। कुछ देर विश्राम के बाद शाम करीब 5:30 बजे वे कथा स्थल पहुंचे। भजन-आरती के बाद कथा शुरू हुई और शाम करीब 7 बजे पहले दिन की कथा का समापन आरती के साथ हुआ।
राम और राष्ट्र को अलग नहीं किया जा सकता -
कथा के दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राम और राष्ट्र के संबंध को अपनी बात का केंद्र बनाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रेम सीखना है तो भगवान श्रीराम के चरित्र को सुनना चाहिए। रामचरित मानस से राम प्रेम और राष्ट्र प्रेम की धारा बहती है।
उन्होंने कहा, “राम में राष्ट्र व्याप्त है और राष्ट्र में राम व्याप्त हैं। राम की आत्मा भारत है तो भारत की आत्मा राम है। भारत शरीर है तो राम उसकी आत्मा हैं। दोनों में अंतर नहीं है।”
उन्होंने रामचरित मानस को मनुष्यता का संदेश देने वाला ग्रंथ बताते हुए कहा कि संविधान के बाद रामचरित मानस ऐसा ग्रंथ है, जिसे पढ़ने से मनुष्यता पैदा होती है। उन्होंने सरकार से स्कूलों में रामचरित मानस पढ़ाने का अनुरोध किया, ताकि बच्चों में अच्छे संस्कार और राष्ट्र प्रेम की भावना विकसित हो सके।
तन के साथ मन को चमकाने का भी दिया संदेश -
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा के दौरान कहा कि तन को चमकाने के लिए साबुन जरूरी है, तो मन को चमकाने के लिए कथा जरूरी है। उन्होंने रामकथा को जीवन में संस्कार, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को समझने का माध्यम बताया।
जियो के स्पेस मिशन का किया जिक्र -
कथा के दौरान उन्होंने जियो कंपनी के मालिक मुकेश अंबानी को जियो के स्पेस मिशन में सूचीबद्ध होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इससे भारत के डेटा की सुरक्षा को लेकर उम्मीदें बढ़ेंगी और भारत का डेटा लीक नहीं होगा।
27-28 को दिव्य दरबार, 29-30 को गुरु दीक्षा -
करैरा के बगीचा धाम स्थित श्रीराम राजा सरकार धाम में 24 से 30 अक्टूबर तक श्रीराम कथा आयोजित की जा रही है। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से निर्धारित है। आयोजन के तहत 27 और 28 अक्टूबर को दिव्य दरबार लगाया जाएगा, जबकि 29 और 30 अक्टूबर को गुरु दीक्षा कार्यक्रम होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल होने के लिए करैरा पहुंच रहे हैं।




