परिच्छा गांव में डंपर ने तोड़े बिजली के खंभे, झोपड़ियों में गिरे तार; करंट से महिला-बच्चों समेत कई घायल

Shivpuri First
0


शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के परिच्छा गांव में डंपर की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। शनिवार शाम बजरी खाली करने के दौरान डंपर बिजली के खंभों और तारों को तोड़ता हुआ आगे बढ़ गया। टूटे तार सड़क किनारे बनी करीब 8 झोपड़ियों में जा गिरे, जहां रह रहे आदिवासी परिवारों के एक दर्जन से अधिक लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में महिला-बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज आदिवासी परिवारों ने रविवार को शिवपुरी-पोहरी मार्ग पर चक्काजाम कर कार्रवाई और पक्के मकान दिलाने की मांग की।


डंपर चालक को रोकने की कोशिश, फिर भी नहीं रुका -


जिला अस्पताल में उपचार करा रहीं कमलेश आदिवासी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ, जब डंपर से बजरी खाली की जा रही थी। मौके पर मौजूद लोग डंपर चालक को रोकने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह नहीं माना। इसी दौरान डंपर बिजली के खंभों को तोड़ते हुए आगे बढ़ गया और तार झोपड़ियों तक खिंचते चले गए। झोपड़ियों में मौजूद लोग अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसे के दौरान कुछ लोग पास में खोदे गए गड्ढे में भी जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।




जिला अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज -


हादसे में घायल सम्मा आदिवासी पत्नी राम सिंह आदिवासी, 7 वर्षीय कृष्ण आदिवासी निवासी चकरा, तहसील कोलारस, रीना आदिवासी पत्नी रूप सिंह आदिवासी, कमलेश आदिवासी निवासी कंचनपुरा, तहसील बदरवास, 7 वर्षीय मीठी आदिवासी पुत्री वीरेंद्र आदिवासी और कोमल आदिवासी निवासी परिच्छा जिला अस्पताल में भर्ती हैं। सभी का उपचार जारी है।


आवास और कार्रवाई की मांग पर दो घंटे तक जाम -


हादसे के बाद नाराज आदिवासी परिवार रविवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने परिच्छा गांव के पास शिवपुरी-पोहरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए और उन्हें आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएं।


सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब दो घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)