ग्वालियर ट्रक हादसे में शिवपुरी के 18 वर्षीय छात्र की मौत, 8 दिन पहले ही गांव से गया था

Shivpuri First
0


शिवपुरी। ग्वालियर में शीतला माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए शनिवार देर रात काल बनकर आए बेकाबू ट्रक ने 15 लोगों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे में शिवपुरी जिले के महागावरा गांव के रहने वाले 18 वर्षीय विमलेश बघेल की भी मौत हो गई। विमलेश ग्वालियर में रहकर बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह करीब आठ दिन पहले ही गांव से ग्वालियर गया था। शनिवार रात अपने मौसेरे भाई के साथ माता के दर्शन करने पहुंचा विमलेश हादसे का शिकार हो गया। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है।


मौसेरे भाई के साथ दर्शन करने गया था विमलेश -


जानकारी के अनुसार, विमलेश बघेल पुत्र बबलू बघेल, निवासी महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी, ग्वालियर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात वह अपने मौसेरे भाई आकाश बघेल निवासी घोंदा, भितरवार के साथ शीतला माता मंदिर में दर्शन करने गया था। दोनों मंदिर के बाहर सड़क किनारे श्रद्धालुओं की कतार में खड़े थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और कतार में लगे श्रद्धालुओं को कुचलता चला गया। इस हादसे में विमलेश की जान चली गई।


ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक, मंदिर की दीवार ढही -


हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। बताया गया है कि ट्रक चालक गूगल मैप की मदद से रास्ते पर जा रहा था। ढलान पर ट्रक बेकाबू हुआ और पुलिस चेकपोस्ट तोड़ते हुए श्रद्धालुओं को रौंद दिया। इसके बाद ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए।


हादसे में 15 लोगों की मौत हुई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत 26 लोग घायल हुए हैं। घायलों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


परिवार में सबसे बड़ा था विमलेश -


विमलेश दो भाइयों में बड़ा था और एक बहन भी थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। वह ग्वालियर में रहकर पढ़ाई कर रहा था, लेकिन एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक ने ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात कही है। हादसे के बाद सीएसपी को हटाने के साथ आठ अफसरों और पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)