बंटी शर्मा 👁️:शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे नेशनल हाईवे-27 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुजरात के राजकोट से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही यात्रियों से भरी स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में करीब 100 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बस शुक्रवार सुबह गुजरात के राजकोट से कानपुर के लिए रवाना हुई थी। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री अपने घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से घायलों को करेरा स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पताल पहुंचाया।
यात्रियों ने ड्राइवर पर लगाए गंभीर आरोप
बस में सवार यात्री सचिन कुमार ने आरोप लगाया कि करीब 1300 किलोमीटर के लंबे सफर में बस चलाने के लिए केवल एक ही ड्राइवर मौजूद था। यात्री के मुताबिक, हादसे से कुछ किलोमीटर पहले ड्राइवर ने एक होटल पर बस रोकी और वहां कथित रूप से शराब पी। इसके बाद जब वह दोबारा बस चलाने लगा तो वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।
हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार
हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। बस पलटने के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
ओवरलोड बस पर भी उठे सवाल
अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सेंगर ने बताया कि बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से भाग गया है। पुलिस के अनुसार किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि 1300 किलोमीटर के लंबे सफर में एक ही ड्राइवर के भरोसे करीब 100 यात्रियों की जान क्यों छोड़ी गई? यदि यात्रियों के शराब पीने संबंधी आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह लापरवाही नहीं बल्कि यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ का गंभीर मामला है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।