एफआईआर दर्ज कर भूली पुलिस, पीड़ित ने खुद संभाला मोर्चा; गुना जाकर बरामद कर लाए चोरी हुई बुलेट

Shivpuri First
0


शिवपुरी देहात थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी में 2 नवंबर को घर के बाहर से चोरी हुई बुलेट बाइक को बरामद करने के लिए पुलिस का इंतजार कर रहे पीड़ित ने आखिरकार खुद ही मोर्चा संभाल लिया। सीसीटीवी में चोरी की वारदात कैद होने और FIR दर्ज होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने का आरोप लगाते हुए पीड़ित रंजीत सिंह भुल्लर ने 4 नवंबर को सिख समाज के लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर गुरुवार को रंजीत सिंह अपने साथियों के साथ गुना पहुंचे और वहां से अपनी चोरी हुई बाइक खुद ही बरामद कर शिवपुरी ले आए।


पारदी गिरोह पर जताई थी आशंका, पुलिस को भी दी थी जानकारी -


रंजीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, 2 नवंबर की रात उनके घर के बाहर खड़ी बुलेट बाइक चोरी हो गई थी। बाइक चोरी कर ले जाते हुए चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ था। मामले में देहात थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी, लेकिन इसके बाद जांच और कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। रंजीत सिंह ने पुलिस को बताया था कि उन्हें गुना जिले के पारदी समुदाय के लोगों पर चोरी में शामिल होने की आशंका है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।


सिख समाज से जुटाई जानकारी, गुना पहुंचकर खोज निकाली बाइक -


पुलिस से निराश होने के बाद रंजीत सिंह ने अपने सिख समाज के लोगों से संपर्क कर बाइक की तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनकी चोरी हुई बाइक गुना जिले में है। गुरुवार को वह गुरुप्रीत भुल्लर, भगवान सिंह भुल्लर, महावीर भुल्लर और गुरुविल भुल्लर के साथ गुना पहुंचे। वहां तलाश करने पर उन्हें अपनी चोरी हुई बुलेट बाइक मिल गई, जिसे वह अपने साथ शिवपुरी ले आए।


रंजीत सिंह का कहना है कि जब उन्होंने पहले ही पुलिस को बाइक गुना में होने और संदिग्धों के बारे में जानकारी दे दी थी, तो पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए थी। आखिरकार उन्हें अपने साथियों के साथ खुद ही गुना जाकर बाइक बरामद करनी पड़ी। अब यह मामला पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)