वीडियो में एसडीओपी से बहस करता दिखा युवक
शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ के भतीजे समेत 15 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हिरेंद्र धाकड़ की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान एक युवक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा से खुद को पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ का भतीजा बताते हुए बात करता नजर आया था।
पुलिस ने इस मामले में पुष्पेंद्र धाकड़ निवासी खैराई, लोकेन्द्र धाकड़, बीरेन्द्र धाकड़, हरिओम धाकड़, मोहन सिंह पुत्र रविन्द्र सिंह धाकड़, प्रताप धाकड़, कैलाश धाकड़, सूरज धाकड़, महेन्द्र सिंह धाकड़, अवधेश धाकड़, विनोद धाकड़, आशीष धाकड़, नंदकिशोर धाकड़, हरिया धाकड़ निवासी मोहराई और रिंकू राठखेड़ा को नामजद आरोपी बनाया है। इनके अलावा करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। जिनकी पहचान वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस द्वारा की जाएगी।
SDOP से कहता दिखा- मैं भी मामूली आदमी नहीं हूं
चक्काजाम के दौरान वायरल हुए वीडियो में रिंकू राठखेड़ा नाम का युवक कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा से बातचीत करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कहता सुनाई देता है कि 'मैं भी मामूली आदमी नहीं हूं, मंत्री सुरेश राठखेड़ा का भतीजा हूं। एसडीओपी साहब, आप ध्यान रखना।' वीडियो सामने आने के बाद चक्काजाम के दौरान हुई यह बातचीत भी चर्चा में रही।
बता दें कि 35 वर्षीय हिरेंद्र धाकड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह गिलगवां गांव के पास एनएच-46 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया गया था। करीब 4 घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। अब पुलिस ने चक्काजाम करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

