घरेलू विवाद के बाद कुएं में उतरी महिला, आधे घंटे की समझाइश के बाद बाहर आई

Shivpuri First
0

 


शिवपुरी के दिनारा थाना क्षेत्र के सहरिया गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक महिला ने स्कूल के पास बने कुएं में छलांग लगा दी। पति ने उसे बाहर निकालने के लिए रस्सी डाली, लेकिन महिला ने बाहर आने से इनकार कर दिया। करीब 30 मिनट तक चले घटनाक्रम के बाद पति के हाथ जोड़कर माफी मांगने और दोबारा परेशान न करने का भरोसा दिलाने पर महिला कुएं से बाहर आई।


जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर घरेलू विवाद के बाद महिला नाराज होकर कुएं में कूद गई। पत्नी को कुएं में गिरते देख पति भी उसके पीछे पहुंचा और तत्काल रस्सी डालकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। महिला ने रस्सी पकड़ ली, लेकिन बाहर आने के लिए तैयार नहीं हुई।


महिला की शर्त थी कि पति सबके सामने हाथ जोड़कर माफी मांगे और भविष्य में उसे परेशान नहीं करने का वादा करे। इसके बाद पति ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद महिला कुएं से सुरक्षित बाहर आ गई।


ग्रामीणों के मुताबिक, पति के बाहर जाने पर घर के दरवाजे पर ताला लगा देने की बात भी सामने आई है। इससे महिला घर के अंदर ही बंद रह जाती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाहा के अनुसार, फिलहाल महिला की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)